नादौन।(हमीरपुर)। ओबीसी महासंघ ने ज्वालामुखी के विधायक एवं पूर्व मंत्री रमेश धवाला को जयराम मंत्रिमंडल में शामिल न किए जाने पर रोष जताया है। महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल चौधरी ने कहा कि ओबीसी के नेता एवं ज्वालामुखी से भाजपा विधायक रमेश धवाला को जयराम मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया है इससे इस वर्ग में रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि पहली बार जब 1998 में धवाला आजाद प्रत्याशी के तौर पर ज्वालामुखी से चुनाव जीते थे, उस समय यदि धवाला भाजपा को समर्थन न देते तो भाजपा की सरकार नहीं बनती।
उन्हीं के समर्थन से भाजपा की प्रदेश में स्थिर सरकार बनी थी। इस बार रमेश धवाला चौथी बार ज्वालामुखी से चुनाव जीते हैं। लेकिन इस बार उन्हें मंत्रिमंडल में जगह न देकर ओबीसी वर्ग की अनदेखी की गई है। जिसका आने वाले लोकसभा चुनाव में प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ओबीसी बहुसंख्या में हैं। इस लिए महासंघ की सरकार, मुख्यमंत्री, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया है कि विधायक रमेश धवाला को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाए ताकि ओबीसी भाजपा सरकार से दूर न हो।