हमीरपुर। जिला में कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर विदेश से लौटे सात और लोगों को स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को निगरानी में रखा है। इसके साथ ही जिले में विदेशों से लौटे और निगरानी में रखे लोगों की संख्या 70 पहुंच गई है। हालांकि, इनमें से 14 लोगों ने 28 दिनों का पीरियड पूरा कर लिया है और वह बिल्कुल स्वस्थ हैं। इसके चलते विभाग ने उन पर से सारी पाबंदियां हटा ली हैं। अब विभाग के पास कुल 56 लोग निगरानी में हैं। जिले में अभी तक कोरोना का कोई पॉजिटिव केस तो नहीं आया है, लेकिन एहतियातन स्वास्थ्य विभाग ने विदेशों से लौटे लोगों को अंडर आब्जर्वेशन रखा हुआ है।
इसी के बीच विभाग ने अफवाहों से बचने और सावधानी बरतने की अपील जिले के लोगों से की है। विभाग ने जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मास्क, गलब्ज व सैनिटाइजर कर्मचारियों के लिए उपलब्ध करवा दिए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर डॉ. अर्चना सोनी ने कहा कि विदेश से लौटे सात अन्य व्यक्तियों को शनिवार को निगरानी में रखा गया है। हालांकि, इनमें लक्षण नहीं दिखे हैं, लेकिन एहतियातन इन्हें निगरानी में रखा गया है। जिले में 70 लोगों को निगरानी में रखा गया था। जिनमें से 14 ने 28 दिन का पीरियड पूरा कर लिया है, जिनपर से सारी पाबंदियां हटा ली गई हैं।