भोरंज (हमीरपुर)। तहसील भोरंज में टीका शामलात भूमि से विभिन्न प्रजातियों के करीब 70 पेड़ों पर कुल्हाड़ी चली है। जिस शामलात भूमि से ये पेड़ कटे हैं, वह मंदिर की जमीन है। इस भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। ग्रामीणों के आरोप हैं कि मंदिर के महंत इस सारी भूमि को अपने नाम करना चाहते हैं, जबकि ग्रामीण इसका विरोध कर रहे हैं।
मंदिर कमेटी के प्रधान धीरज शर्मा और ओम स्वरूप शर्मा ने इस मामले की शिकायत वन विभाग और पुलिस थाना भोरंज में दी है। शिकायत के बाद वन विभाग ने मौके पर पहुंच कर काटे गए पेड़ों की गिनती कर दी है। वन विभाग की टीम ने इस मामले में आगामी कार्रवाई के लिए प्रशासन और पुलिस के पास जाने की सलाह दी है क्योंकि संबंधित भूूमि वन विभाग की नहीं है। मंदिर के नाम 34 कनाल 7 मरले भूमि है। मंदिर कमेटी ने मांग की है कि यह भूमि मंदिर के नाम ही रहे। इस भूमि को महंत के नाम किसी भी सूरत में न किया जाए। उधर, एसएचओ भोरंज सूरम सिंह ने कहा कि वह मंडी शिवरात्रि में ड्यूटी पर हैं। थाना पहुंचकर मामले की जांच की जाएगी।