हमीरपुर। जिला न्यायालय परिसर हमीरपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सौजन्य से राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश भुवनेश अवस्थी ने की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव न्यायाधीश कुलदीप शर्मा ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए न्यायालय परिसर में लगभग आठ बेंच स्थापित किए गए थे। हमीरपुर, नादौन और बड़सर में जनसुनवाई हुई। जिनमें दीवानी, आपराधिक, राजस्व, यातायात अवहेलना, रिकवरी के मामले सुनवाई के लिए रखे गए थे। राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 6,766 मामले सुनवाई के लिए अदालतों में पेश हुए। जिनमें से 4,062 मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 77,79,185 रुपये के मामले मौके पर निपटाए गए। जिसमें बैंक रिकवरी, मोटर वाहन अधिनियम के मामलों की मुआवजा राशि शामिल रही।