हमीरपुर। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में 3 सड़कों और पुल निर्माण के लिए 63.87 करोड़ रुपये बजट की मंजूरी मिली है। इन परियोजनाओं में सुजानपुर से हमीरपुर वाया कोट चौरी पटलांदर चमियाना सड़क के लिए 32.66 करोड़ रुपये, मंडी में धर्मपुर-संधोल सड़क पर कोठीपत्तन में ब्यास नदी पर 22.82 करोड़ से 150 मीटर लंबे फुटपाथ समेत डबललेन पुल, कांगड़ा के आरा चौक से जोरावर सड़क के सुधार के लिए 8.39 करोड़ को मंजूरी केंद्रीय सड़क एवं अधोसंरचना निधि (सीआरआईएफ) के अंतर्गत से मिली है। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मंजूरी मिलने पर हर्ष जताते हुए इसके लिए केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार प्रकट किया है। अनुराग ठाकुर ने कहा पहाड़ी राज्य में सड़कें व पुल यातायात की जीवन रेखा मानी जाती हैं।
पूरे प्रदेश में रोड कनेक्टिविटी सुदृढ़ हो, इस दिशा में भाजपा की सरकारों ने हर आवश्यक कदम उठाए हैं। केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के लिए केंद्रीय सड़क एवं अधोसंरचना निधि (सीआरआईएफ) के तहत 194.58 करोड़ रुपये 12 सड़कों, पुलों के निर्माण और मरम्मत के लिए मंजूर किए हैं। इसके अंतर्गत हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में 63.87 करोड़ की लागत से 3 सड़कें व पुलों को मंजूरी मिली है।
इनके निर्माण से प्रदेश में विकासात्मक कार्यों को गति मिलेगी व आवागमन और सुगम होगा। प्रदेश के हित में हुई इस मंजूरी के लिए अनुराग ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को बधाई दी है।