हमीरपुर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय हमीरपुर की सीढ़ियां चढ़ने से लोगों को शीघ्र छुटकारा मिलेगा। मिनी सचिवालय की तीसरी मंजिल पर चल रहे पुलिस अधीक्षक कार्यालय के लिए अब रैंप बनेगा ताकि, बुजुर्ग और दिव्यांग लोगों को कठिनाई का सामना न करना पड़े। पुलिस विभाग ने लोक निर्माण विभाग को रैंप बनाने के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
मिनी सचिवालय के बाहर पार्किंग बनी हुई है। इस पार्किंग की पहली मंजिल से पुलिस अधीक्षक कार्यालय के लिए रैंप का निर्माण होगा। हमीरपुर के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने अमर उजाला से अपनी प्राथमिकताएं गिनाई हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पदभार संभाला तो तीसरी मंजिल तक दिव्यांग और बुजुर्गों को होने वाली कठिनाई का पता चला। इससे छुटकारा दिलवाने के लिए उन्होंने लोनिवि को डीपीआर के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही गांधी चौक से लेकर भोटा चौक तक माल रोड पर दिनभर काफी भीड़ रहती है। इस भीड़ में महिलाओं को कई तरह की दिक्कतें पेश आती हैं। इसके साथ ही शाम को हमीरपुर बस स्टैंड से विभिन्न स्थानों के लिए रवाना होने वाली सरकारी और निजी बसों में भी युवतियों से दुर्व्यवहार की संभावना को देखते हुए उन्होंने एक विशेष टीम के गठन के निर्देश दिए हैं। चार सदस्यीय इस टीम में तीन महिला कांस्टेबल और एक पुरुष कांस्टेबल शामिल होंगे। जो रोजाना गांधी चौक और बसों में सादे कपड़ों में सफर कर शरारती तत्वों पर कार्रवाई करेंगे।