बड़सर (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस में अचानक आग लग गई। बस में आग लगते ही चालक ने बस को बीच सड़क रोक दिया। इसके बाद श्रद्धालुओं को उतारकर आग पर काबू पाया गया। जिससे बड़ा हादसा टल गया।
श्रद्धालुओं से भरी बस करतारपुर से बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध जा रही थी। शुक्रवार दोपहर को बड़सर चौक पर अचानक बस में आग लग गई। जैसे ही बस में आग लगी ड्राइवर ने सड़क के बीच बस को रोक दिया। बस में बैठे श्रद्धालुओं को बस से उतार दिया गया। उसके बाद आग पर काबू पाया गया। बस में आग लगने से किसी प्रकार का कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। बस में बैठे श्रद्धालुओं में पंकज कुमार, सोहन लाल, बलविंद्र कुमार का कहना है कि बस में अचानक आग लगी लेकिन, ड्राइवर ने होशियारी से बस को चौक पर रोक दिया तथा आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि वह बाबा बालक नाथ के दर्शनों के लिए करतारपुर से आए हैं। डीएसपी बड़सर जसवीर ठाकुर का कहना है कि बस में अचानक आग लगी थी लेकिन, उसे समय पर काबू पा लिया गया। किसी भी श्रद्धालु का कोई नुकसान नहीं हुआ है।