बिझड़ी (हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर के तहत पड़ते करनेड़ा गांव शनिवार दोपहर को हुई बाइक और बस की टक्कर में घायल युवक की पीजीआई चंडीगढ़ में मौत हो गई है। बड़सर पुलिस की ओर से चंडीगढ़ में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस मामला दर्जकर छानबीन कर रही है।
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे उपमंडल बड़सर के चकमोह बरठी रोड पर करनेड़ा गांव के नजदीक एक बाइक निजी बस से टकरा गई थी। इस दौरान बाइक सवार अभिषेक शर्मा (19) पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी फगोटी, बड़सर गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोग घायल को बड़सर अस्पताल ले गए। जहां से उसे ऊना रेफर कर दिया गया लेकिन, ऊना में भी उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। जहां पर देर रात उसकी मौत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई थी। थाना प्रभारी बड़सर जगदीश चंद का कहना है कि मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।