हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर के कार्यालय के सामने जेओए पोस्ट कोड-556 के अभ्यर्थी परीक्षा परिणाम न आने के कारण दूसरे दिन भी क्रमिक हड़ताल पर बैठे रहे। पोस्ट कोड-556 का अंतिम परिणाम सात माह से नहीं आया है। इस मौके पर डीवाईएफआई के राज्य अध्यक्ष अनिल मनकोटिया ने भी इस क्रमिक हड़ताल में शिरकत की और आंदोलन के प्रारूप को आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया। अभ्यर्थियों संजीव कुमार, अनिल, मनोज आदि का कहना है कि आयोग जेओए-556 का अंतिम परिणाम नहीं निकाल सका है।
पूर्व में भी कई बार इस बारे कर्मचारी चयन आयोग को बताया गया, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। महज 15-15 दिन में परिणाम आने के आश्वासन मिलते रहे। इस कारण प्रदेश के करीब 3400 अभ्यर्थियों को प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। अभ्यर्थियों का कहना है कि इस परिणाम को बिना वजह लटकाया जा रहा है। अभ्यर्थियों ने कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष को ज्ञापन सौंप कर इस परीक्षा का परिणाम जल्द निकालने की मांग भी की है। अभ्यर्थियों ने मांग की है कि सरकार जल्द से जल्द परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित करे।