जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की ग्राम पंचायत गरसाहड़ के गांव साही से 40 वर्षीय यशवीर सिंह अचानक लापता हो गया है। यशवीर सिंह भरेड़ी डाकघर में डाकिया के पद पर तैनात है। यशवीर सिंह की पत्नी सुमन कुमारी ने बताया कि वीरवार सुबह 10 बजे से उनके पति घर से डाकघर के लिए ड्यूटी पर गए लेकिन भरेड़ी बाजार में स्कूटी लगाने के बाद वहां से गायब हो गए। पुलिस में की गई शिकायत में बताया गया कि साढ़े 12 बजे यशवीर सिंह को भरेड़ी बाजार में देखा गया था। जब वह शाम को घर नहीं पहुंचे और उनके मोबाइल नंबर पर कॉल की गई तो वह बंद आ रहा था।
मोबाइल के बंद होने की वजह से यशवीर सिंह का कोई अता पता न लगने पर तलाश गई की गई। वहीं इस के लिए रिश्तेदारों को भी कॉल की गई। सुमन कुमारी ने बताया कि हर रोज ड्यूटी देने के बाद वह जल्दी ही घर पहुंच जाते थे, वीरवार को घर वापस नहीं आए। यशवीर सिंह की गुमशुदगी की रिपोर्ट भोरंज थाना में दर्ज करवा दी गई है। एसएचओ भोरंज थाना राजीव लखनपाल ने गरसाहड़ साही गांव के यशवीर सिंह की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि की है।