अमर उजाला ब्यूरो
जाहू (हमीरपुर)। स्थानीय बाजार और बस स्टैंड में रेहड़ी-फड़ी वालों के कारण दुकानदारों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेहड़ी-फड़ी वालों की वजह से स्थानीय दुकानदारों का कारोबार भी चौपट हो गया है। अवैध रूप से लग रही रेहड़ियों को स्थानीय दुकानदारों ने जिला प्रशासन से हटाने की मांग की है। इसके लिए दुकानदारों ने व्यापार मंडल के माध्यम के जिलाधीश हमीरपुर, एसडीएम भोरंज और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भेजा है। बस स्टैंड और बाजार में मुख्य सड़क पर अवैध रूप से एक दर्जन रेहड़ी फहड़ियां लगाई गई है। इसके चलते वाहन चालकों तथा राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर रेहड़ी-फड़ी लगाने से यातायात भी बाधित हो रहा है। दुकानदारों का कहना है कि रेहड़ी-फड़ी मालिकों को अगर वहां से रेहड़ी को हटाने के लिए कहते हैं, तो वे झगड़ा करने को उतारू हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ रेहड़ी वाले बाहरी राज्यों के लोग हैं और बिना लाइसेंस से सामान बेच रहे हैं। दुकानदारों ने कहा कि कुछ वाहन चालक बाजार और बस स्टैंड में लाउडस्पीकर लगाकर सरेआम समान बेच रहे हैं। इससे बाजार का माहौल बिगड़ रहा है। दुकानदार शिव राम, अमरजीत, राज कुमार, सुभाष चंद, अश्वनी, पवन कुमार, मनोज कुमार, चुनी लाल, सुरजीत सिंह, संजय कुमार, विजय खान, राकेश कुमार, विशाल, अश्वनी कुमार और अजीत सिंह सहित डेढ़ सौ दुकानदारों ने जाहू व्यापार मंडल के माध्यम से जिला प्रशासन को ज्ञापन भेज कर रेहड़ी-फड़ी वालों को हटाने की मांग की है। इस संबंध में जाहू व्यापार मंडल के अध्यक्ष सूरत सिंह चौहान का कहना है कि दुकानदारों ने व्यापार मंडल के पास रेहड़ी-फड़ी से हो रही परेशानी के बारे में शिकायत की है। उन्होंने कहा कि जाहू बाजार और बस स्टैंड में रेहड़ियों को अवैध रूप से लगाया जा रहा है, जिससे जाम की समस्या भी उत्पन्न हो रही है। दुकानदारों की समस्या को जिलाधीश हमीरपुर राकेश प्रजापति, एसडीएम भोरंज, पुलिस अधीक्षक और जाहू पुलिस चौकी प्रभारी को ज्ञापन भेज कर हल करने की मांग की है।