फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रांसपोर्ट नगर के लिए जमीन चिन्हित, निर्माण कार्य नहीं हुआ शुरू

विज्ञापन
विज्ञापन
हमीरपुर। ट्रांसपोर्ट नगर बनाने के लिए उपमंडल नादौन में जमीन तो चिन्हित हो चुकी है लेकिन इसका निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया। पूर्व कांग्रेस सरकार के समय नादौन में परिवहन विभाग के नाम पर 85 कनाल भूमि ट्रांसफर हो चुकी है। सरकार ने हमीरपुर जिला के उपमंडल नादौन में ट्रांसपोर्ट नगर बसाने का निर्णय लिया था। ट्रांसपोर्ट नगर में वाहन चालकों को वाहनों में आने वाली तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए मेकेनिकल इंजीनियर्स, पेट्रोल पंप (फिलिंग स्टेशन), ढाबे व रेस्टोरेंट के अलावा वाहन चालकों के आराम के लिए विश्राम गृह का प्रस्ताव रखा गया था ताकि वाहनों की खराबी को दूर करने में लगने वाले समय के दौरान वाहन मालिक व चालक उतनी देर रेस्टोरेंट व विश्रामगृह मेें बैठकर आराम कर सकें।
विज्ञापन

पूर्व प्रदेश सरकार के प्रस्ताव के बाद परिवहन विभाग ने जिला प्रशासन की मदद से नादौन में जमीन की तलाश कर 85 कनाल भूमि राजस्व विभाग से परिवहन विभाग के नाम पर ट्रांसफर करवाई थी लेकिन बजट का प्रावधान न होने के चलते अभी तक यह योजना सिरे नहीं चढ़ पाई है। जानकारों का मानना है कि नादौन में ट्रांसपोर्ट नगर बनने से रानीताल-शिमला नेशनल हाईवे और होशियार व अंब से हमीरपुर व बिलासपुर जाने वाले वाहन चालकों को बड़ी सुविधा मिलनी थी। बरमाणा व दाड़लाघाट से अधिकतर सीमेंट से लदे ट्रकों की आवाजाही इसी मार्ग से होती है। कई बार वाहनों में तकनीकी खराबी आने पर समय पर मेकेनिक नहीं मिल पाते। वहीं अधिकतर मेकेनिक की दुकानें सड़क के किनारे हैं, जिससे कई बार ट्रैफिक जाम की समस्या रहती है। इस समस्या को देखते हुए नादौन में ट्रांसपोर्ट नगर बसाने की योजना पूर्व सरकार ने तैयार की थी। उधर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हमीरपुर प्रभात चौधरी ने कहा कि इस मामले को शीघ्र विभाग के उच्चाधिकारियों व सरकार के समक्ष उठाया जाएगा।
विज्ञापन

---
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें