हमीरपुर। स्वच्छता ऐप के बावजूद शहर में गंदगी ज्यों की त्यों बिखरी हुई है। स्वच्छता ऐप का शहरवासियों पर कोई असर नहीं दिख रहा है। जिला मुख्यालय के हथली पुल के पास लोग खुले में कूड़ा फेंक रहे हैं। जिसके कारण वाहन चालकों तथा राहगीरों को बदबू का सामना करना पड़ रहा है। खुले में कूूड़ा फेंकने से स्वच्छता अभियान पर ग्रहण लग रहा है। शहर में सफाई व्यवस्था सुचारु हो, इसके लिए नगर परिषद द्वारा स्वच्छता ऐप लांच किया गया लेकिन इस ऐप का शहरवासियों पर कोई असर नहीं दिख रहा है। हथली पुल के पास कूड़ादान स्थापित होने के बावजूद लोग खुले में कूड़ा फेंक रहे हैं। खुले में कूड़ा फेंकने से वहां पर लावारिस पशुओं का जमघट लगा रहता है। इस तरह खुले में कूड़ा फेंकने से शहर को स्वच्छ बनाने की मुहिम फेल होती नजर आ रही है। इस संबंध में नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी विनोद कुमार शर्मा का कहना है कि कर्मचारियों को भेजकर इसको साफ करवाया जाएगा। उन्होंने कहा इस तरह से खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।