हमीरपुर।
2012 बैच के भारतीय सेवा प्रशासनिक अधिकारी राकेश कुमार प्रजापति ने शनिवार को हमीरपुर में उपायुक्त का पदभार ग्रहण कर लिया है। इससे पहले राकेश कुमार प्रजापति नूरपुर में एसडीएम तथा शिमला में एडीसी के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि आम जनमानस की समस्याओं का त्वरित निदान करने को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही सभी एसडीएम, विकास खंड अधिकारियों को भी पंद्रह दिन में कम से कम एक पंचायत में लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए कार्यक्रम तैयार करने के दिशा-न्निर्देश दिए जाएंगे ताकि लोगों की समस्याएं उनके घर-द्वार पर ही निपटाई जाएं। उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिला शिक्षा हब के रूप में आगे बढ़ रहा है तथा शिक्षा की गुणवत्ता के लिए भी विशेष प्लान तैयार किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल मैदानों को विकसित करने के लिए भी विशेष प्लान तैयार किया जाएगा ताकि युवा खेलों के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि सरकार के जनकल्याण के कार्यों को क्रियान्वित करने के लिए भी कारगर कदम उठाए जाएंगे ताकि पात्र लोग लाभांवित हो सकें। उपायुक्त ने कहा कि हमीरपुर जिला में अधिकांश परिवारों के सदस्य सेना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं तथा सैनिकों के परिजनों की समस्याओं को निपटाने के लिए भी विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इस दौरान उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति ने उपायुक्त कार्यालय परिसर का निरीक्षण भी किया गया। इस अवसर पर एडीएम रतन गौतम सहित सुजानपुर, नादौन तथा भोरंज उपमंडल के एसडीएम भी उपस्थित रहे।