अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। जिला पुलिस विभाग हमीरपुर ने नववर्ष का आगाज अपने अंदाज में करते हुए मिनी मैराथन का आयोजन किया। इस मिनी मैराथन का विषय धूम्रपान निषेध समाज और वातावरण रहा। इस मौके पर प्रतिभागी युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलवाई गई। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर रमन कुमार मीणा ने सुबह साढ़े नौ बजे इस मिनी मैराथन को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर डीएसपी रेणु शर्मा समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। मैराथन पक्का भरो के समीप बाईपास से शुरू हुई, जो मट्टनसिद्ध बाईपास पर खत्म हुई। छह किलोमीटर के सफर में धावकों की सुरक्षा और उपचार के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों की मौजूदगी में एंबुलेंस भी मौजूद रही। लड़कों और लड़कियों के वर्गों में प्रतियोगिता के पहले पांच स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। विजेता प्रतिभागियों को क्रमश: तीन हजार, दो हजार, एक हजार रुपये, पांच सौ और चार सौ रुपये नकद राशि से सम्मानित किया गया। लड़कों के वर्ग में अमन प्रथम स्थान पर, गोविंद सिंह द्वितीय, रावमापा बाल हमीरपुर का विकास तीसरे, सुपर मेगनेट का विकास चौथे और ब्लू स्टार का राजीव पांचवें स्थान पर रहा। लड़कियों में प्रथम स्थान पर राजकीय उच्च पाठशाला गुलेला की शिवाली, ऋचा द्वितीय, राशि तीसरे, जबकि रावमापा कन्या हमीरपुर की दीक्षा चौथे स्थान पर रही। ब्लू स्टार की शिवानी पांचवें स्थान पर रहीं। पुलिस अधीक्षक रमन मीणा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा वर्ग नशे के दुष्प्रभावों, स्वच्छता और यातायात नियमों के बारे में लोगों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए पुलिस अधीक्षक ने समाजसेवा में अपनी अहम भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।