सुजानपुर (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चबूतरा का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि एक अध्यापक का कार्य यहीं पर खत्म नहीं होता है कि उसने एक छात्र को शिक्षित कर दिया, बल्कि अध्यापक का कार्य उस छात्र को शिक्षित करने के साथ-साथ विद्वान बनाना भी है। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
प्रधानाचार्य ब्रिज लाल शर्मा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। समारोह में छात्र छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्रों ने चंबा आर की नदिया पार..., देश मेरा रंगीला..., आई लव माई इंडिया आदि गानों पर प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही लूटी। मुख्यातिथि ने वर्ष भर के दौरान विभिन्न गतिविधियों में अव्वल स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस मौके पर सुजानपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष कैप्टन रंजीत सिंह, जिला परिषद सदस्य वीना कपिल, बीडीसी सदस्य पूनम डोगरा, प्रकाश ठाकुर, जगन कटोच, विनय कुमार, सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रकाश ठाकुर छात्रों के अभिभावक और बच्चे मौजूद रहे।