बड़सर (हमीरपुर)। बड़सर में वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग की व्यवस्था नहीं है, जिससे टैक्सी चालक सड़क के बीच चौक में वाहनों को खड़ा कर रहे हैं। इससे राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। क्षेत्र के लोगों ने बड़सर चौक में पार्किंग सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की है। ऊना-भोटा एनएच पर बड़सर में वाहनों को खड़ा करने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है, जबकि बड़सर में काफी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है।
बड़सर चौक से शाहतलाई जाने के लिए कई लोग रहते हैं, लेकिन लोगों का चौक में खड़ा होना खतरे से खाली नहीं है। स्थानीय लोगों राकेश कुमार, संजीव कुमार, राम रथ, अनिल कुमार, विपिन कुमार, कमलेश कुमारी, सुनील कुमार, विजय कुमार, सुरेंद्र कुमार और राजीव कुमार सहित कई लोगों का कहना है कि बड़सर चौक में टैक्सियों का जमावड़ा लगा रहता है। राहगीरों के लिए बनाया गया रेन शेल्टर में टैक्सी चालक बैठे रहते हैं। उन्होंने टैक्सी चालकों के लिए पार्किंग व्यवस्था करने की मांग की है। उधर, एसडीएम बड़सर धनवीर ठाकुर ने बताया कि बड़सर में वाहन पार्किंग की व्यवस्था करने के बारे में सरकार ही निर्णय ले सकती है।