हमीरपुर। राधा स्वामी सत्संग भवन परौर और भोटा में आयोजित सत्संग में संगत को पहुंचाने के लिए एचआरटीसी ने विशेष बसें लगाईं। तीन दिनों में हमीरपुर डिपो की 60 बसों ने संगत को सत्संग तक पहुंचाया।
इसमें एचआरटीसी को करीब पांच लाख रुपये की कमाई हुई। राधास्वामी सत्संग भवन परौर में आयोजित सत्संग के लिए पहले दिन आठ बसें और दूसरे दिन 24 बसें लगाई गईं। वहीं, भोटा में आयोजित सत्संग के लिए निगम की ओर से 28 विशेष बसों की सेवाएं ली गईं। संगत को सत्संग कार्यक्रम तक पहुंचने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए एचआरटीसी ने विशेष बसों का प्रबंधन किया था।
हिमाचल पथ परिवहन निगम की ओर से धार्मिक कार्यक्रमों सहित मेलों के दौरान यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए विशेष भूमिका निभाई जाती है। दियोटसिद्ध मेले में भी एचआरटीसी की ओर से विशेष बसों की सुविधा दी गई थी।
एचआरटीसी मंडल हमीरपुर के डीएम राज कुमार पाठक ने बताया कि संगत को सत्संग तक पहुंचाने की जिम्मेदारी एचआरटीसी ने निभाई है। उन्होंने बताया कि तीन दिनों में लगभग 60 विशेष बसों की सुविधा दी गई है। इस दौरान करीब पांच लाख रुपये की कमाई हुई है। मांग के आधार पर बसों की संख्या को बढ़ाया गया था, ताकि संगत को आने-जाने के लिए कोई भी परेशानी न हो।