भोटा (हमीरपुर)। पुलिस सहायता कक्ष भोटा के तहत पड़ती नगर पंचायत भोटा के वार्ड सात निवासी एक युवक से पुलिस ने 6.26 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। आरोपी युवक पूर्व में भी चिट्टे के साथ गिरफ्तार हुआ था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्जकर इसे गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
भोटा के वार्ड नंबर सात का निवासी शिव कुमार स्थानीय कस्बे में ही कपड़े की दुकान करता है। पुलिस ने इससे पूर्व में भी नशे की खेप के साथ पकड़ा था। इसके नशे के कारोबार में दोबारा संलिप्त होने की सूचना मिली तो पुलिस ने उसके घर पर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 6.26 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। भोटा पुलिस सहायता कक्ष प्रभारी अजायब सिंह का कहना है कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।