हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में एंटी रेबीज वैक्सीन की कमी जल्द दूर होने की उम्मीद है। अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन की करीब 540 डोज की नई खेप पहुंच गई है।
वैक्सीन उपलब्ध होने से कुत्ते के काटने के बाद उपचार के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को राहत मिलने की संभावना है। मेडिकल कॉलेज में कुछ समय से वैक्सीन की कमी चल रही थी।
इसके चलते कुत्ते के काटने के बाद टीका लगवाने के लिए पहुंचने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वैक्सीन उपलब्ध न होने पर कई मरीजों को निजी मेडिकल स्टोर से महंगे दामों पर वैक्सीन खरीदनी पड़ रही थी।
नई खेप पहुंचने के बाद मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में ही एंटी रेबीज टीका उपलब्ध होने की सुविधा मिलेगी। इससे निजी मेडिकल स्टोर का रुख करने वाले मरीजों की परेशानी और अतिरिक्त खर्च कम होने की उम्मीद है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देशराज शर्मा ने बताया कि समय-समय पर मेडिकल कॉलेज में दवाइयां, टीके सहित सामग्री पहुंचती है। एआरवी भी इनमें से एक है। संवाद