हमीरपुर। रविवार रात से सोमवार सुबह तक झमाझम बारिश के बाद जिले में जल शक्ति विभाग की करीब 52 पेयजल योजनाएं प्रभावित हो गई हैं। पेयजल स्रोतों में गाद और मटमैला पानी आने से कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित हुई है। प्रभावित योजनाओं में जल शक्ति मंडल हमीरपुर की छह, बड़सर की 28, नादौन की 16 और सुजानपुर की दो योजनाएं शामिल हैं।
जिले में जल शक्ति विभाग की करीब 191 पेयजल योजनाएं संचालित हैं। कई पेयजल स्रोतों में मिट्टी और गाद की मात्रा बढ़ने से पानी की गुणवत्ता खराब हो गई है। ऐसे में कुछ स्थानों पर पानी को पंप और लिफ्ट करना भी मुश्किल हो रहा है।
लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभाग मटमैले या दूषित पानी की आपूर्ति करने से बच रहा है। कई पेयजल योजनाओं में स्रोत का पानी सामान्य स्थिति में आने तक आपूर्ति रोकनी पड़ रही है।
विभाग का दावा है कि प्रभावित पेयजल योजनाओं को जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पेयजल योजनाओं के प्रभावित होने से जिले के कई इलाकों में लोगों को नियमित पानी नहीं मिल रहा है। कुछ क्षेत्रों में एक दिन छोड़कर पेयजल आपूर्ति की जा रही है।
दूसरे दिन पानी मिलने के कारण लोगों के घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। खाना बनाने, कपड़े धोने, पशुओं के लिए पानी और अन्य घरेलू जरूरतों के लिए लोगों को अतिरिक्त पानी जुटाना पड़ रहा है। बारिश के बाद जल स्रोतों में बढ़ी गाद के कारण विभाग को पानी की पंपिंग और लिफ्टिंग में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पेयजल योजनाओं को बहाल कर आपूर्ति नियमित करने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों को स्वच्छ जल सुनिश्चित किया जा रहा है। -रोहित दूबे, मुख्य अभियंता, जल शक्ति विभाग, हमीरपुर जोन