हमीरपुर। आईपीएच के फिटर की चुनाव ड्यूटी लगने से हमीरपुर में लोग पेयजल को तरस गए। हालात ऐसे हैं कि विभाग के पेयजल टैंक से पानी छोड़ने वाला कोई नहीं है। जिसके चलते नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड एक हीरानगर के लोग पानी की सप्लाई न आने के कारण परेशानी झेल रहे हैं। वार्ड में पानी की आपूर्ति न होने का कारण पानी छोड़ने वाले कर्मचारी की चुनावी ड्यूटी होना है। कर्मचारी तो चुनावी ड्यूटी पर चला गया लेकिन, विभाग ने हीरानगर टैंक पर पानी की सप्लाई छोड़ने के लिए किसी अन्य कर्मचारी की तैनाती नहीं की गई। इस कारण हीरानगर के बाशिंदों को बिना पानी के दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वीरवार को सुबह ही नलों में पानी न आने के कारण लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई। लोगों को पेयजल के साथ-साथ नहाने, शौचालय प्रयोग और कपड़े धोने के लिए पानी की किल्लत हुई। इससे लोगों ने आईपीएच विभाग के प्रति रोष व्यक्त किया है।
चुनावी मौसम होने के चलते आईपीएच विभाग हमीरपुर के अधिकारियों समेत अधिकतर कर्मचारी चुनावी ड्यूटी पर हैं। कर्मचारियों की चुनावी ड्यूटी होने के कारण लोगों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड-1 के बाशिंदों ने आईपीएच विभाग से टैंक पर पानी छोड़ने के लिए कर्मचारी की ड्यूटी लगाने की मांग की है ताकि, लोगों को समय पर पानी मिल सके और उन्हें परेशानी न झेलनी पड़े। इस संबंध में आईपीएच विभाग हमीरपुर के कनिष्ठ अभियंता राकेश वात्सायन ने कहा कि हीरानगर टैंक के कर्मचारी की चुनावी ड्यूटी लगी है। वह खुद भी चुनावी ड्यूटी पर हैं। अधिकांश कर्मचारियों की चुनावी ड्यूटी होने के कारण परेशानी हो रही है। एक अन्य कर्मचारी को हीरानगर टैंक से पानी छोड़ने को कहा गया है।