बिझड़ी (हमीरपुर)। आपका विधायक आपके द्वार जनसंपर्क अभियान के तहत शुक्रवार को विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने जमली, लफराण, नोहण, जांगली आदि गांवों का दौरा कर जनसमस्याएं सुनीं। विधायक ने कहा कि केंद्र में भाजपा ने देश की जनता को झूठे सपने दिखाकर सरकार बनाई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता की इस ईमानदारी का सिला नोटबंदी, जीएसटी और महंगाई से दिया। जिनसे जनता का उभर पाना नामुमकिन है।
मोदी सरकार झूठ की राजनीति और जनता को हताश करने वाली सरकार रही है। 2014 का घोषणा पत्र भी पूरी तरह जुमला साबित हुआ है। उन्होंने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए रणनीति भी बनाई। उन्होंने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर बताएं कि सांसद बनने के बाद वे कितनी बार बड़सर विधानसभा की जनता से रूबरू हुए। इस अवसर पर प्रधान सतीश सोनी, उपप्रधान दीनानाथ, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष विपिन ढटवालिया, विधायक के निजी प्रवक्ता कृष्ण चौधरी, जगजीत डोगरा, सुरेंद्र ठाकुर, जिला सोशल मीडिया प्रभारी मनु डोगरा, एक्स सर्विसमैन सेल अध्यक्ष सुरेंद्र सोनी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।