सुजानपुर (हमीरपुर)। सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इसमें हिम अकादमी हमीरपुर के अध्यक्ष प्रो. रमेश चंद लखनपाल बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। इस मौके पर सैनिक स्कूल के प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन डा. अमित पाल, उप प्रधानाचार्य विंग कमांडर जेएस परमार और प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर सचिन वर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। समारोह की शुरुआत मुख्यातिथि ने वीर स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। समारोह में बच्चों की ओर से रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, एनसीसी परेड और बैंड की धुनों पर प्रदर्शन कर सबका मन मोह लिया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य ने स्कूल की विभिन्न उपलब्धियों को मुख्यातिथि के समक्ष रखा और पिछले सत्र की उपलब्धि के बारे में भी बताया। मुख्यातिथि ने मेधावी छात्रों को इनाम और ट्रॉफियां प्रदान कीं। इसमें स्कूल की सबसे प्रतिष्ठित ट्रॉफी मेजर सुधीर वालिया कॉक हाउस ट्रॉफी से सतलुज हाउस को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सतलुज सदन ने शैक्षणिक प्रतिस्पर्धाओं के लिए फ्लाइंग ऑफिसर कार्तिक ठाकुर एवं जीओसी इन-सी वेस्टर्न कमांड ट्रॉफी भी अपने नाम की। रावी सदन ने इस बार एनडीए ट्रॉफी अपने नाम की। मेजर राकेश शर्मा सेकेंडरी स्पोर्ट्स ट्रॉफी एवं माइनर गेम्स में इस बार चिनाब सदन ने ट्रॉफियां अपने नाम कीं। कैडेट विपुल चंद्र मेमोरियल ट्रॉफी कैडेट अनुराग कानव को दी गई। एनसीसी की तरफ से सेना एयरफोर्स और नेवल विंग के सर्वश्रेष्ठ कैडेट रक्षित, तुषार और मृदुल को चुना गया। इसके साथ ही पूर्व छात्र संघ की ओर से कैडेट अमन कुमार को उत्तम शैक्षणिक प्रदर्शन और कैडेट ओजस को खेलों में सर्वोत्तम प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।