अवाहदेवी (हमीरपुर)। सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के अंतर्गत गत साढ़े चार महीनों में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में 25 हजार से भी अधिक लोगों को घर द्वार पर नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की गई है। आगामी मार्च तक 50 हजार लोगों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच करने का लक्ष्य रखा गया है। सांसद ने शनिवार को अवाहदेवी में सामाजिक एवं धार्मिक संस्था प्रयास की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के 60 से अधिक 30 पंचायतों के प्रतिनिधियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। जिन्होंने अपनी-अपनी पंचायतों में सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए बहुमूल्य सहयोग दिया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के अंतर्गत 40 विभिन्न प्रकार के टेस्ट नि:शुल्क किए जा रहे हैं। धर्मपुर क्षेत्र में एक मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा तथा कैंपों के आयोजन के दौरान बड़ी मोबाइल वैन भेजी जाएगी ताकि, लोगों की उनके घरद्वार पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सके। धर्मपुर क्षेत्र के लिए एक के स्थान पर दो मोबाइल वैन उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसी महीने से विधानसभा क्षेत्र देहरा, घुमारवीं तथा नैना देवी में भी लोगों के स्वास्थ्य की घरद्वार पर निशुल्क जांच तथा उपचार किया जाएगा। जिसके लिए मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के बेड़े में आठ मोबाइल वैन शामिल की गई हैं।