हमीरपुर। जिला मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत साढ़े 22 लाख रुपये से गरीबों के आशियानों की मरम्मत होगी। डीआरडीए कार्यालय में आवासों की मरम्मत के लिए बजट आ गया है। कार्यालय से जल्द ही संबंधित ब्लॉकों को यह बजट राशि आवंटित कर दी जाएगी। इस राशि से जिले के 90 गरीब परिवारों के आवासों की मरम्मत होगी। जिले के ऐसे 90 परिवार जिन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने को राशि मिली थी लेकिन, काफी समय बीतने के बाद अब उनके मकानों को मरम्मत की दरकार हो गई है। अब इनको यह राशि मिलेगी। इसके तहत प्रत्येक परिवार को मकान की मरम्मत के लिए 25 हजार रुपये मिलेंगे।
हालांकि, जिले में ऐसे सैकड़ों परिवार हैं जिन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाने को बजट मिला है लेकिन, जिन परिवारों को काफी समय पहले यह राशि मिली थी और अब उन्होंने मकानों की मरॅम्मत के लिए बजट की मांग की थी, उन्हें सरकार यह राशि दे रही है। ब्लॉकों के पास राशि पहुंचने के बाद इसे संबंधित परिवारों के खाते में आवंटित किया जाएगा। इस संबंध में पीओ डीआरडीए डॉ. सुनील चंदेल का कहना है कि जिलाभर में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मकानों की मरम्मत को साढ़े 2 लाख रुपये बजट आया है। जिले के 90 गरीब परिवारों को 25-25 हजार रुपये मकानों की मरम्मत को दिया जाएगा।