हमीरपुर। राष्ट्रीय होटल प्रबंधन संस्थान हमीरपुर ने हिमाचली धाम को अब विश्वभर में पहचान दिलाने की पहल की है। वीरवार को होटल प्रबंधन संस्थान के छात्रों को हिमाचली धाम बनाने के टिप्स दिए गए। इसके साथ ही हिमाचली धाम को मेहमानों को किस तरह से परोसा जाता है, इसके लिए कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। इसमें उपायुक्त हमीरपुर डॉ. रिचा वर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त रतन गौतम सहित विभिन्न गणमान्य अतिथियों ने राष्ट्रीय होटल प्रबंधन संस्थान के परिसर में हिमाचली धाम कार्यक्रम में शिरकत की तथा होटल प्रबंधन संस्थान की पहल को सराहा भी गया।
संस्थान के प्रोफेसर पुनीत बंटा ने कहा कि पहली मर्तबा राष्ट्रीय होटल प्रबंधन संस्थान में हिमाचली व्यंजन बनाने के बारे में छात्रों को प्रशिक्षण दिया गया है। इसमें प्रारंभिक तौर पर मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर तथा बिलासपुर में प्रीति भोज में बनने वाले व्यंजनों को शामिल किया गया। जिसमें कांगड़ा के मदरा और खट्टा तथा मंडी की सेपू बड़ियां, बिलासपुर की धुली दाल, हमीरपुर के राजमाह तथा पीली दाल को विशेष तौर पर शामिल किया गया।
उन्होंने बताया कि इन व्यंजनों को चरोटियों में बनाया गया। जबकि खाने के लिए वृक्ष के पत्तों से बनी पतलों का उपयोग किया गया है। संस्थान में एक सौ के करीब छात्र-छात्राएं होटल मैनेजमेंट के विभिन्न कोर्सों में प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं तथा इन छात्र-छात्राओं में पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब सहित विभिन्न राज्यों के छात्र प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं। संस्थान से उत्तीर्ण होने वाले कई छात्र-छात्राएं विभिन्न जगहों पर पंच सितारा होटलों में कार्य कर रहे हैं। इस मौके पर एसडीएम शिल्पी बेक्टा, एसी टू डीसी अनुपम ठाकुर, पीओ डीआरडीए डॉ. सुनील चंदेल, बीडीओ हमीरपुर अस्मिता ठाकुर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।