हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत पड़ते अणु से पक्काभरो वाया हीरानगर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी दो अन्य कारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। तेज रफ्तार कार अणु से हीरानगर की ओर आ रही थी। इस दौरान कार चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया। नियंत्रण खोने से चालक ने सड़क किनारे खड़ी दो अन्य कारों को टक्कर मार दी। कार में चालक के साथ एक अन्य युवक सवार था।
कार सवार दोनों युवक सुरक्षित हैं। जबकि तीनों वाहनों को क्षति पहुंची है। वहीं लोगों की शिकायत पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मौके का जायजा लिया। पुलिस ने कार सवार दोनों युवकों का नशे की आशंका के चलते मेडिकल करवा लिया है। जबकि देर शाम तक मामला दर्ज नहीं हो पाया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि किसी राहगीर की मौत भी हो सकती थी। थाना प्रभारी संजीव गौतम का कहना है कि मामला दर्ज नहीं हो पाया है। युवकों का नशे की आशंका के आधार पर मेडिकल करवाया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।