सुक्खू को कार्यक्रम में न बुलाना लोकतंत्र की हत्या : सुनील
हमीरपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि नादौन विधानसभा क्षेत्र के विधायक ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रयत्नों से कांग्रेस की केंद्र सरकार ने मेडिकल कॉलेज स्वीकृत किया था। उन्होंने कहा कि सुखविंद्र सिंह सुक्खू जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं। जनता के प्रतिनिधि को मेडिकल कॉलेज के शुभारंभ कार्यक्रम में न बुलाना लोकतंत्र की हत्या है। इस कार्यक्रम को हमीरपुर में आयोजित करना भी एक तरह से नादौन की जनता के साथ एक मजाक है। मेडिकल कॉलेज सभी वर्गों के लिए जनता की सेवा में सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने समर्पित किया है। भाजपा हर तरह से लोकतंत्र की हत्या कर इसको एक राजनीति का रंग देना चाहती है। सुनील ने कहा कि कार्यक्रम में ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू को निमंत्रण देना चाहिए था, निमंत्रण न देकर भाजपा ने अपनी घटिया मानसिकता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सरकार को ऑनलाइन उद्घाटन ही करना था तो जनता के पैसे का दुरुपयोग करके हमीरपुर आने की जरूरत ही नहीं थी। अच्छा होता कि वह शिमला से ही ऑनलाइन उद्घाटन कर देते। इससे जनता का पैसा जनता की भलाई के लिए लगता।