अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने कहा कि हमीरपुर के लिए मंजूरी डॉ. राधा कृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास आगामी दो माह के भीतर होगा। राष्ट्रीय युवा साइंस कांग्रेस कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इसके लिए मुख्यमंत्री ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से बात कर प्रस्ताव भेज दिया है। केंद्र से मंजूरी मिलते ही जून-जुलाई में जोलसप्पड़ में मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रख दी जाएगी। इसके लिए 189 करोड़ रुपये का बजट भी स्वीकृत हो गया है। परमार ने कहा कि हमीरपुर में इसी सत्र से मेडिकल की कक्षाएं शुरू करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आधारभूत ढांचा समेत टीचिंग और नॉन टीचिंग फैकल्टी के पद भरे जा रहे हैं। अधिकतर नए पदों पर भर्तियां कर ली गई हैं। इस मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से हमीरपुर समेत निचले हिमाचल के लोगों को कई सुविधाएं मिलेंगी। उधर, राष्ट्रीय युवा साइंस कांग्रेस में शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन सिंह परमार, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर, उद्योग मंत्री विक्रम सिंह, सांसद अनुराग ठाकुर, विधायक नरेंद्र ठाकुर, विधायक कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, जिला परिषद अध्यक्ष राकेश ठाकुर, जिला अध्यक्ष अनिल ठाकुर, भाजपा सह मीडिया प्रभारी नरेंद्र अत्री, डॉ. वी. सैल्बम, एसआरएम विश्वविद्यालय के अध्यक्ष प्रो. सत्यानारायणन भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।