हमीरपुर। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू के हमीरपुर आगमन पर शनिवार को शहर के चप्पे-चप्पे में पुलिस का पहरा रहा। जिला मुख्यालय पुलिस छावनी में तबदील नजर आया। मुख्यालय से लेकर एनआईटी के चारों ओर करीब 50 मीटर के दायरे में एक जवान तैनात रहा। एनआईटी के साथ लगते गांवों के रास्तों पर भी पुलिस के जवान हथियारों सहित तैनात रहे। इसके अलावा गांवों से एनआईटी के लिए जाने वाले रास्तों पर भी पुलिस का पहरा रहा। संस्थान के मुख्य गेट से कोई भी वाहन प्रवेश नहीं हुआ। एनआईटी में आयोजित राष्ट्रीय यूथ कांग्रेस में उपराष्ट्रपति के आगमन के लिए सुरक्षा दृष्टि से 500 जवान तैनात रहे। इसके अलावा डाग स्क्वायड, बम स्क्वायड, मोबाइल बम स्क्वायड, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी एनआईटी के अंदर रहीं।