हमीरपुर। राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में 1.75 लाख रुपये से बाउंड्री वॉल का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए उपायुक्त हमीरपुर ने बजट जारी कर बीडीओ के पास भेज दिया है। स्कूल की बस स्टैंड की तरफ की दीवार एक वर्ष पूर्व गिर गई थी। इस कारण स्कूल में अनावश्यक तत्वों के दाखिल होने का खतरा बना रहता है। अब उपायुक्त ने बजट जारी कर बीडीओ हमीरपुर को दीवार का कार्य पूरा करवाने के निर्देश दिए हैं।
बस स्टैंड की तरफ जहां पर यह बाउंड्री वॉल गिरी है वहां पर फुटपाथ पर मिट्टी और मलबे का ढेर अरसे से लगा हुआ है। वहीं दीवार के साथ सटे बिजली के पोल के गिरने का खतरा भी बना रहता है। भारी बरसात के कारण कभी भी पोल और दीवार का अन्य हिस्सा गिर सकता है। इस कारण कोई भी हादसा हो सकता है। लोगों ने विकास खंड अधिकारी और स्कूल प्रबंधन से निर्माण कार्य जल्द करवाने की गुहार लगाई है। दीवार के साथ फुटपाथ होने के कारण हादसों का खतरा और बढ़ गया है। बाल स्कूल हमीरपुर की प्रधानाचार्य मंजू ठाकुर का कहना है कि उपायुक्त हमीरपुर ने बजट जारी कर बीडीओ के पास दे दिया है। वहीं सोमवार को अधिकारी जगह का मुआयना कर गए हैं। उन्होंने कहा कि 1.75 लाख रुपये इस दीवार के निर्माण का जारी हुए हैं। जल्द ही दीवार और डंगे का निर्माण हो जाएगा।