जिलाभर के स्कूलों को मिलेेंगे 5,52000 रुपये
स्कूलों की प्रयोगशालाओं को सुदृढ़ करने के लिए डाईट ने जारी किया बजट
अमर उजाला ब्यूरो
नादौन(हमीरपुर)। जिलाभर के स्कूलों की छठी से आठवीं तक की कक्षाओं के लिए बनी प्रयोगशालाओं को सुदृढ़ करने के लिए डाईट ने बजट जारी कर दिया है। डाईट प्रधानाचार्य एवं डीपीओ जगदीश कौशल ने कहा कि जिला के 276 स्कूलों को प्रति पाठशाला के हिसाब से 2000 रुपये की राशि जारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्कूल मुख्याध्यापक या प्रधानाचार्य इस राशि से बच्चों के लिए उपयोगी सामान खरीदें ताकि बच्चों को खेल-खेल में सिखाकर गतिविधियां आधारित शिक्षा प्रदान की जा सके। कौशल ने कहा कि इन सभी स्कूलों के लिए 5,52000 रुपये की राशि जारी की जा रही है। यह राशि एसएसए के माध्यम से प्रयास के अंतर्गत दी जा रही है। उन्होंने कहा कि एसएलडीपी का दस दिवसीय प्रशिक्षण स्कूल के प्रभारियों को दिया जा रहा है। यह एसएलडीपी प्रशिक्षण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या हमीरपुर में 18 दिसंबर से लेकर 27 दिसंबर तक चलेगा। इस कार्यक्रम में चयनित स्कूलों के प्रभारी भाग लेंगे।