हमीरपुर। सीटू के राष्ट्रीय आह्वान पर सीटू जिला इकाई ने बुधवार को गांधी चौक हमीरपुर पर केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस मौके पर सीटू जिला इकाई के पदाधिकारियों सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय में रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन मुख्य रूप मनरेगा बजट कटौती, रसोई गैस कीमतों में वृद्धि और महंगाई आदि मुद्दों को लेकर किया गया।
सीटू राष्ट्रीय सचिव डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर ने कहा कि मनरेगा के तहत केंद्र सरकार द्वारा बजट में लगातार कटौती की गई है, जिसका विरोध किया गया। बजट कटौती की वजह से लाखों मजदूर काम न मिलने से परेशान हैं। मनरेगा में बजट बढ़ोतरी की मांग की गई। वहीं रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में भी यह प्रदर्शन किया गया। केंद्र की मोदी सरकार ने रसोई गैस की कीमतों में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी कर आम जनता की कमर तोड़ दी है। खाने पीने की चीजों से लेकर पहनने तक सब कुछ मोदी सरकार के राज में महंगा हो रहा है और आम मजदूर की आमदन बढ़ नहीं रही है। महंगाई कम करने की मांग को लेकर यह प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर युवा नेता अनिल मनकोटिया, प्रताप राणा, धर्म सिंह व मंजना वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।