हमीरपुर। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर की एसएफआई इकाई ने मंगलवार को रूसा के तहत री चेकिंग और री इवेल्यूएशन को लागू करने के लिए इकाई सचिव साहिल की अध्यक्षता में कॉलेज गेट पर धरना प्रदर्शन किया। इस मौके पर इकाई ने हस्ताक्षर अभियान भी चलाया। प्रदर्शन व हस्ताक्षर अभियान के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रधानाचार्य के माध्यम से प्रदेश विवि के वीसी को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में विभिन्न मांगें वर्णित रहीं। जिनमें रूसा के तहत री अपीयर की परीक्षाओं को ऑड-ईवन प्रणाली से हटाकर पीजी कोर्स के तर्ज पर वर्ष में दो बार आयोजित करवाया जाए। रूसा के अंतर्गत छात्रों को री इवेल्यूएशन की सुविधा प्रदान की जाए। विवि के अंतर्गत तमाम महाविद्यालयों में कॉमन शेड्यूल तैयार किया जाए, छात्रों के परीक्षा फॉर्म भरवाने की जिम्मेवारी कॉलेज प्रशासन की सुनिश्चित की जाए, रूसा दस्तावेज के अनुसार कम से कम 45 कक्षाएं सुनिश्चित की जाएं। कॉलेजों में छात्र-शिक्षक अनुपात में सुधार किया जाए। कॉलेजों में मूलभूत सुविधाएं शीघ्र मुहैया करवाई जाएं, पीटीए फंड के नाम पर छात्रों से ली जा रही अतिरिक्त फीस वसूली पर रोक लगाई जाए। रूसा प्रणाली में शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाया जाए आदि मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर इकाई प्रधान संतोष कुमार, अभिषेक, अरुण, शुभम, रीना सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।