5,000 challan was deducted from the vehicle when he complained about taking bribe
भोरंज (हमीरपुर)। पुलिस पर रिश्वत लेने और इसकी शिकायत करने पर गाड़ी का चालान करने का आरोप लगा है। पुलिस थाना भोरंज के तहत जाहू पंचायत के रहने वाले रोशन लाल शर्मा ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उनकी ट्रांसपोर्ट की गाड़ी के ड्राइवर से जाहू में 500 रुपये की रिश्वत ली गई। जब इस बात की जानकारी ड्राइवर ने रोशन लाल को दी तो उन्होंने एसएचओ भोरंज से शिकायत की।
एसएचओ ने जब जाहू चौकी में पूछताछ की तो जाहू पुलिस ने चालक का 5,000 रुपये का चालान कर दिया। इसका मेसेज चालक के फोन पर आ गया। इसके उपरांत रोशन लाल ने पुलिस अधीक्षक हमीरपुर से शिकायत कर दी। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर डॉ. आकृति शर्मा ने इस घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। इस बारे में एसएचओ भोरंज सूरम सिंह ने बताया कि उनके पास दूरभाष पर शिकायत मिली है। सीसीटीवी फुटेज को देखकर जांच की जाएगी।