हमीरपुर। जिले में रविवार को 45 फीसदी अभ्यर्थियों ने ही स्टेट इलिजिबिलिटी टेस्ट में भाग लिया। हमीपुर में सेट की परीक्षा के लिए दस परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे तथा 2200 से अधिक अभ्यर्थियों को इन केंद्रों पर परीक्षा देने के लिए बुलाया गया। परीक्षा देने महज 990 अभ्यर्थी ही पहुंचे। परीक्षा में 1308 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा का आयोजन दो सत्र में किया गया। सुबह दस से 12 बजे तक तथा शाम को दो से चार बजे तक परीक्षा ली गई।
परीक्षा के लिए राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या हमीरपुर, हमीरपुर पब्लिक स्कूल, गुरुकुल पब्लिक स्कूल, न्यू गुरुकुल पब्लिक स्कूल, गौतम कॉलेज, ब्लू स्टार सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एसडी पब्लिक स्कूल तथा ऐम पब्लिक स्कूल को केंद्र बनाया गया था। सभी परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों की संख्या कम ही रही। जबकि, कुल 45 फीसदी अभ्यर्थी ही अपीयर हुए। डिग्री कॉलेज में 210 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था जबकि 96 ही उपस्थित हुए। वहीं, बाल स्कूल हमीरपुर में 200 छात्रों में से 89 ही पहुंचे। कन्या स्कूल में भी 200 में से 92, हमीरपुर पब्लिक स्कूल में 298 में से 124, गुरुकुल पब्लिक स्कूल में 134 में से 57, न्यू गुरुकुल स्कूल में 250 में से 84, गौतम कॉलेज में 600 में से 224, ब्लू स्टार में 150 में से 73, एसडी पब्लिक स्कूल में 242 में से 100 तथा ऐम स्कूल में 144 में से 41 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। अब कोरोना का डर कहें या कुछ और लेकिन इस परीक्षा के लिए कम ही अभ्यर्थी उपस्थित रहे। एसडीएम हमीरपुर डा. चिरंजीलाल चौहान ने बताया कि परीक्षा दोनों सत्र में शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित हुई।