हमीरपुर। अटल आशीर्वाद योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को सरकार और स्वास्थ्य विभाग की तरफ से बेबी किट प्रदान की जाएगी। यह किट बेटा और बेटी दोनों के जन्म होने पर नवजातों के परिजनों को संबंधित अस्पताल प्रबंधन की ओर से दी जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने 13 फरवरी को अधिसूचना भी जारी कर दी है। बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने बच्चों को बेबी किट देने का निर्णय लिया है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग ने जिलों के नोडल अधिकारियों को बेबी किट की खेप भेजना शुरू कर दी है। वहीं, जिला नोडल अधिकारी के सौजन्य से यह किटें जिला अस्पताल सहित खंड स्तर के अस्पतालों में भेजी जा रही हैं।
इस बेबी किट में कुल 12 प्रक.ार की बच्चों के प्रयोग की चीजें शामिल रहेंगी। जिनमें पहले पैकेट में टूथ ब्रश, टूथ पेस्ट, नहाने का साबुन और मां के लिए वैसलीन उपलब्ध रहेगी। वहीं, एक फुल स्लीव्स आउटफिट, दो बेबी बनियान, एक मखमल का स्क्वेयर पीस, दस्ताने और ऊन के मौजे, 100 मिली. बेबी मसाज तेल, बेबी टॉवल, बेबी क्लॉथ नैपीस, हाथ धोने के लिए 100 मिली सैनेटाइजर, बच्चों के लिए मच्छरदानी, एक कंबल और एक प्लास्टिक का झुनझुना (खिलौना) दिया जाएगा। इस बेबी किट की कीमत करीब 1174 रुपये बैठेगी। इस संबंध में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय जगोता का कहना है कि जिला हमीरपुर को 530 बेबी किट आई हैं। जिन्हें मेडिकल कॉलेज हमीरपुर और सभी खंड अस्पतालों में वितरित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सौजन्य से अटल आशीर्वाद योजना के तहत यह बेबी किट प्रदान की जा रही हैं, जिनमें बच्चों के प्रयोग की 12 तरह की चीजें शामिल रहेंगी।