हमीरपुर। विस क्षेत्र सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने देहरा और धर्मशाला में हो रहे सेंट्रल यूनिवर्सिटी के शिलान्यास को बीजेपी का एक और शिगूफा करार दिया। कहा है कि जब चुनाव सिर पर होते हैं तो भाजपा को सेंट्रल यूनिवर्सिटी की याद आ जाती है। यूपीए के कार्यकाल में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इस यूनिवर्सिटी की सौगात प्रदेश को दी थी, लेकिन सिर्फ झूठा श्रेय लेने की होड़ में बीजेपी ने इस जनहित में बनने बाले उपक्रम के निर्माण में अड़ंगे अटकाए हैं। राणा ने कहा कि केंद्र में पिछले पांच वर्षों से भाजपा की सरकार होने के बावजूद अपनी ही नाकामियों के कारण सेंट्रल यूनिवर्सिटी नहीं बनवा सकी है। अब पंद्रह दिनों के बाद चुनावों की घोषणा के मद्देनजर फिर प्रदेश की जनता को शिलान्यास के नाम पर गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है ।