हमीरपुर। कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी केवल सिंह पठानिया ने कहा कि देश के किसानों से 12-12 हजार लेकर अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह हजार रुपये के किसान सम्मान का ढिंढोरा पीट रहे हैं। जबकि, किसानों को चुनावी घोषणा पत्र के मुताबिक न्यूनतम समर्थन मूल्य तक नहीं मिला। यूपीए सरकार में यूरिया खाद की कीमत 135 रुपये प्रति बैग थी, जो मोदी सरकार में 360 रुपये पहुंच चुकी है। जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर की बुधवार को परिधि गृह हमीरपुर में आयोजित बैठक में केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। बैठक में आगामी लोकसभा चुनावों में पदाधिकारियों की भूमिका और रणनीति पर विशेष रूप चर्चा की गई।
मीटिंग में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी और अग्रणी संगठनों के अध्यक्ष पूर्व विधायक प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल रहे। पत्रकार वार्ता में केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और हमीरपुर के सांसद अनुराग के झूठे वादों की लिस्ट लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे। केंद्र सरकार ने देश में 100 स्मार्ट सिटी, 15-15 लाख रुपये, किसानों और बेरोजगारों को लेकर देश की जनता से झूठ बोला है। मोदी सरकार के चुनावी घोषणा पत्र को लेकर आने वाले लोकसभा चुनावों में कांग्रेस लोगों के बीच जाएगी। पठानिया ने कहा कि शायद नरेंद्र मोदी लोकतांत्रिक प्रणाली के पहले पीएम हैं जिन्होंने आजतक पत्रकारों से सीधी बात नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम सिर्फ संपादित भाषण देना जानते हैं। जिला कार्यकारिणी की बैठक में न आने वाले पदाधिकारियों पर पूछे प्रश्न पर पठानिया ने कहा कि जो काम नहीं करना चाहते और निष्क्रिय चल रहे हैं, उनके बारे में सोचना पड़ेगा। कांग्रेस ऐसे पदाधिकारियों पर नजर रखेगी जो मीटिंग में नहीं आते। पठानिया ने कहा कि 15 मार्च के बाद जिला हमीरपुर में एक प्रदेश स्तरीय रैली का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष और जिला के सभी विधायकों समेत पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। वहीं, 25 फरवरी को होने वाले जनरल हाउस में पार्टी में समानांतर चल रहे इंटक समेत अन्य संगठनों पर भी चर्चा होगी।
उनके साथ विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, प्रवक्ता प्रेम कौशल, जिला अध्यक्ष नरेश ठाकुर, पूर्व विधायक कुुलदीप सिंह पठानिया, अनिल वर्मा, सुनील शर्मा बिट्टू, नरेश लखनपाल, बृजमोहन सोनी, अजय शर्मा, सुमन भारती, महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राज धीमान, इंटक से राजीव राणा, राजू चौधरी, अनिल चौधरी और विवेक कटोच सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में न सुक्खू और न राजेंद्र राणा आए
लोकसभा चुनावों से पूर्व इस महत्वपूर्ण बैठक में नादौन से विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू और सुजानपुर से राजेंद्र राणा दोनों नहीं पहुंचे। वहीं हाल ही में कांग्रेस में शामिल दीपक शर्मा समेत करीब 70 से 80 पदाधिकारी भी बैठक से नदारद रहे। प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर के पहले दौरे में भी केवल राजेंद्र राणा और इंद्रदत्त लखनपाल समेत कुछ ही पदाधिकारी नजर आए थे। बैठकों से इस प्रकार पदाधिकारियों की दूरी समझ से परे है, जो कांग्रेस समेत विरोधियों में भी चर्चा का विषय बनी हुई है।