हमीरपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लंबलू के प्रांगण में जिले के नवें जनमंच कार्यक्रम का आयोजन रविवार को किया गया। इसमें विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने 108 शिकायतों और समस्याओं को सुना और 38 का मौके पर निपटारा सुनिश्चित किया। इसके साथ ही शेष शिकायतों का निपटान समाय अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए। जनमंच कार्यक्रम में राजस्व विभाग, आईपीएच विभाग, बिजली बोर्ड, जिला कल्याण विभाग की भू-व्यवस्था, पानी की किल्लत, बिजली की समस्या और पेंशन संबंधी अधिक शिकायतें और समस्याएं प्राप्त हुईं।
जनमंच कार्यक्रम में पंधेड़ कृषि सहकारी सभा में हुए ढाई करोड़ के गबन की छानबीन में देरी की शिकायत भी पंचायत की ओर से पंचायत प्रतिनिधि ने रखी। इसके साथ ही बल्यूट सहकारी सभा में हुए गबन की जांच में भी देरी होने की शिकायत लोगों ने मंच पर रखी। विधानसभा अध्यक्ष ने पुलिस विभाग के अधिकारियों से इन दोनों मामलों के बारे में जानकारी प्राप्त की और सहकारी सभा पंधेड़ में हुए गबन के मामले को छह माह में निपटाने और इस केस को इंस्पेक्टर लेबल के अधिकारी को सौंपने के निर्देश दिए। इसके अलावा बल्यूट सहकारी सभा के गबन मामले की छानबीन के निर्देश सहायक रजिस्ट्रार सहकारी सभा, एसपी हमीरपुर और उपायुक्त हमीरपुर को दिए। मुख्यातिथि ने कहा कि जनमंच कार्यक्रम जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद करने का जरिया बना है। इसके साथ ही लोगों की समस्याओं का घरद्वार पर त्वरित निदान भी सुनिश्चित हो रहा है। कार्यक्रम में कुल 108 शिकायतों में से प्री जनमंच के तहत 63 तथा जनमंच कार्यक्रम के दौरान 45 शिकायत पत्र प्राप्त हुए। लंबित शिकायतों को दस दिन के भीतर निपटारा करने के लिए कहा गया। आयुर्वेदिक तथा एलोपैथिक विभागों के निशुल्क चिकित्सा शिविर में 206 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। मुख्यातिथि ने गृहिणी सुविधा योजना के तहत बीस परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन भी वितरित किए गए। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष राकेश ठाकुर, एपीएमसी के चेयरमैन अजय शर्मा, उपायुक्त डा. रिचा वर्मा, एसपी अर्जित सेन ठाकुर, एडीसी रत्न गौतम, एसडीएम जफर इकबाल, एसडीएम संदीप सूद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और लोग उपस्थित रहे।
बिंदल के कहने पर नोट की शिकायतें
लंबलू में आयोजित जनमंच कार्यक्रम में शिकायतों को नोट करने के लिए प्रशासन ने कोई भी अधिकारी या कर्मचारी नियुक्त नहीं किया था। जो शिकायतें आ रही थीं और जिन्हें विभिन्न विभागों को निपटान के लिए प्रेषित किया जा रहा था, उन शिकायतों और शिकायत किस विभाग को प्रेषित की गई और विभाग ने कितनी अवधि में शिकायत के निपटान की बात कही, इन सब का रिकार्ड नहीं रखा जा रहा था। जब विस अध्यक्ष ने बीच कार्यक्रम में पूछा कि कौन इन शिकायतों की पूरी कार्रवाई को नोट कर रहा है। तब कोई भी अधिकारी और कर्मचारी नहीं आया। मुख्यातिथि ने उपायुक्त को किसी अधिकारी को शिकायतें नोट करने के लिए कहा। इसके बाद एसडीएम जफर इकबाल शिकायतों को नोट करने लगे।