टौणी देवी (हमीरपुर)। पंचायत समिति बमसन की बैठक वीरवार को समिति सभागार टौणी देवी में अध्यक्ष सुभाष चंद की अध्यक्षता में हुई। जिसमें बीडीओ यशपाल परमार और उपाध्यक्ष त्रिशला देवी भी मौजूद रहे। इस मौके पर पंचायत समिति बमसन के 15 सदस्यों ने वर्तमान अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने का निर्णय लिया। इन सदस्यों का कहना है कि इस संबंध में इसकी प्रति शीघ्र ही उपायुक्त और जिला पंचायत अधिकारी को सौंपी जाएगी। सदस्यों ने वर्तमान अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर रोष जताया है।
अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का विरोध करने वालों में भाजपा और कांग्रेस दोनों विचारधाराओं के सदस्य हैं। वर्तमान में पंचायत समिति बमसन में भाजपा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष काबिज है। जिसके चलते अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना समिति के सदस्यों के लिए आसान नहीं है। वहीं वर्तमान अध्यक्ष और उपाध्यक्ष भी अपनी कुर्सी बचाने के लिए पूरा प्रयास कर रहे हैं। दोनों के कार्यकाल में अभी तक उनके दामन पर कोई दाग नहीं है। इसलिए देखना दिलचस्प रहेगा कि विरोधियों की यह चाल कामयाब रहती है या नहीं। इसके साथ ही सदस्यों ने उनकी शक्तियों को कम करने पर असंतोष जताया। सदस्यों का कहना है कि बजट के नाम पर उन्हें मात्र झुनझुना थमाया गया है। सदस्यों ने पंचायत सचिवों की कार्यप्रणाली पर भी कड़ा रोष जताया है। आक्रोश जताया कि बैठकें मात्र औपचारिकता बनकर रह गई है। इसके साथ ही सदस्यों ने बैठक में पारित होने वाले प्रस्तावों पर विभागीय अधिकारियों से उचित कार्रवाई की मांग की। बैठक में आय व्यय के ब्योरे के साथ ही अन्य कई मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान बीएमओ डा. आरके अग्निहोत्री, पंचायत समिति सदस्य प्रेम लता, प्रोमिला, आशा, शिल्पा, राकेश, राजेश, अजय, सोनिया, अनुराधा, नरेंद्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।