अवाहदेवी (हमीरपुर)। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने बुधवार को समीरपुर में स्थानीय महिला मंडल में पंजाब नेशनल बैंक की ओर से आयोजित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण शिविर में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। यहां उपस्थित सैकड़ों महिलाओं से आह्वान करते हुए धूमल ने कहा कि ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत अब तक 18 लाख लोग प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। उनमें से लगभग 13 लाख लोग अपना व्यवसाय चला कर अपने पैरों पर खड़े हो चुके हैं। रोजगार मांगने वाले नहीं रोजगार देने वाले बनो, आत्मनिर्भर बन कर आत्म स्वाभिमान का जीवन जियो। धूमल ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धा भरे दौर में स्वरोजगार को अपना कर कई लोगों ने सरकारों द्वारा दी जा रही सहूलियतों का लाभ उठा कर न केवल खुद को आत्म निर्भर बनाया है बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार देकर उनके जीवन यापन का मार्ग प्रशस्त किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अधिक से अधिक अनुकूल अवसर प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनगिनत योजनाएं चलाई हैं जो बहुत सफल रही हैं। इस अवसर पर जिला महामंत्री राकेश ठाकुर, पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारी, महिला मंडल की प्रधान ममता सहित अन्य महिलायें उपस्थित रहीं।