अमर उजाला ब्यूरो
सुजानपुर (हमीरपुर)। स्थानीय कस्बे के ट्रैफिक प्लान में सुजानपुर प्रशासन ने लोगों की सहमति के साथ कुछ बदलाव किया है। इसमें सभी चौपहिया वाहनों के लिए वन वे योजना को लागू किया गया है। इसके लिए सभी वर्गों ने सहमति जताई है। सोमवार को उपमंडल अधिकारी सुजानपुर कार्यालय में ट्रैफिक प्लान को लेकर विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपमंडल अधिकारी सुजानपुर वीरेंद्र शर्मा ने की। यह वन वे योजना पीएनबी मुख्य मार्ग से होते हुए जाने के लिए मान्य होगी और वाहनों के आने के लिए प्राइमरी स्कूल मुख्य मार्ग होगा। पहले बनाई गई योजना में केवल बसों के लिए ही इसे लागू किया गया था, लेकिन छोटे वाहनों से हमेशा प्राइमरी स्कूल मुख्य मार्ग पर घंटों जाम लगा रहता है। इस कारण प्रशासन ने इस समस्या का हल निकालते हुए सभी बड़े वाहनों के लिए वन वे को लागू कर दिया है, जो 12 जून से विधिवत शुरू हो जाएगा। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके साथ ही अन्य फैसले में निर्देश दिए गए कि जो बसें अपना रूट पूरा करके सुजानपुर पहुंचती हैं, वे डोली में चयनित बस स्टैंड भूमि पर खड़ा करें। बस समयसारणी के 20 मिनट पहले ही बस स्टैंड पर बस को पहुंचाएं। इस मौके पर निजी बस ऑपरेटर यूनियन के प्रधान भीम सिंह ने प्रशासन से गुहार लगाई कि सुजानपुर बस स्टैंड पर उन्हें अपना एक कार्यालय बनाने के लिए भूमि उपलब्ध करवाई जाए, जहां पर स्थायी रूप से शेड का निर्माण करके यूनियन अपने किसी एक कर्मी को बैठा सके। इस अवसर पर थाना प्रभारी श्यामलाल, खंड विकास अधिकारी मनीष सोनी, नगर परिषद अधिकारी किशोरी लाल ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में निजी बस ऑपरेटर यूनियन पदाधिकारी, निगम प्रबंधन पदाधिकारी, टैक्सी यूनियन पदाधिकारी भी मौजूद रहे।