हमीरपुर। जिला हमीरपुर में 4 जून से 17 जून तक मनाए जाने वाले गहन दस्त रोग नियंत्रण पखवाड़े का शुभारंभ सीएमओ हमीरपुर डॉ. सावित्री कटवाल ने किया। उन्होंने शिशु मॉडल स्कूल दोसड़का के बच्चों को ओआरएस का घोल पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। उनके साथ जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरविंद कौंडल, जिला जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी सतीश शुक्ला, हेल्थ एजुकेटर शारदा सारस्वत, बीसीसी को-ऑर्डिनेटर सलोचना, स्नेह लता सहित स्कूल की अध्यापक निशा और सपना समेत अन्य मौजूद रहे। सीएमओ हमीरपुर डॉ. सावित्री कटवाल ने कहा कि 6 खंडों में कुल 1364 ओआरएस जिंक कॉर्नर स्थापित किए गए हैं। जिनमें 1172 आंगनबाड़ी, 153 स्वास्थ्य उपकेंद्रों, 39 पीएचसी, सीएचसी व अन्य अस्पतालों में लगाए गए हैं।
जहां 521 आशा वर्कर्स, स्वास्थ कार्यकर्ता व अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शिशुओं के माता पिता व अभिभावकों को ओआरएस का घोल बनाना व प्रयोग करना, हैंड वाशिंग सिखाएंगी। साथ ही सभी आशा जिला के 1635 गांवों में 5 वर्ष से कम शिशुओं के घरों का दौरा कर ओआरएस पैकेट बांटेंगी। डॉ. अरविंद कौंडल ने बताया कि सभी तरह की सामग्री ब्लॉकों को भेज दी गई है। जिला से भी पर्यवेक्षक खंडवार खंडों का टूअर करेंगे। जिनमें डॉ. कौंडल, डॉ. आशीष, सतीश शुक्ला जिला जन शिक्षा व सूचना अधिकारी शारदा सारस्वत स्वास्थ्य शिक्षक, जिला पर्यवेक्षक होंगे। सतीश शुक्ला ने बताया कि सभी खंडों में आशा वर्कर्स, स्वास्थ्य विभाग व अन्य कर्मचारियों को प्रशिक्षण दे दिया गया है। प्रचार और रिपोर्टिंग सामग्री भी भेज दी गई है।