जाहू(हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के व्यापारिक कस्बे तरक्वाड़ी में लगने वाले लंबे जाम से छुटकारा पाने के लिए पुलिस ने बुधवार को व्यापारियों के साथ बैठक की। बैठक का आयोजन थाना प्रभारी भोरंज राजीव लखनपाल की अध्यक्षता में किया गया। इसमें व्यापार मंडल प्रधान रवि बन्याल सहित करीब 50 व्यापारियों ने भाग लिया। बैठक में तरक्वाड़ी बाजार में सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों से लगने वाले लंबे जाम से उत्पन्न होने वाली परेशानी के बारे में विचार विमर्श किया गया। इस दौरान सर्वसहमति से रूपरेखा तैयार कर यह निर्णय लिया गया कि मुख्य चौक से बस्सी रोड पर भाजपा के कार्यालय तक, चौक से हमीरपुर रोड राजकीय प्राथमिक पाठशाला तक, चौक से अवाहदेवी रोड केसीसी बैंक की शाखा तक चौपहिया वाहन खड़े न किए जाए।
तरक्वाड़ी बाजार में कोई भी चौपहिया वाहन खड़ा करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि तरक्वाड़ी बाजार में किराये के भवनों में रह रहे बाहरी राज्य के लोगों का भी भोरंज पुलिस में रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है। यदि कोई नहीं करवाता है तो मकान मालिक स्वयं जिम्मेवार होगा। इस अवसर पर उनके साथ उपाध्यक्ष हेम राज, महासचिव बलबीर ठाकुर, कोषाध्यक्ष रत्न चंद, संरक्षक बनारसी दास, सदस्य संतोष कुमार, राकेश कुमार, मलकीत सिंह सहित 50 व्यापारियों ने भाग लिया। इस संदर्भ मे एसएचओ भोरंज राजीव लखनपाल का कहना है कि विभिन्न कस्बों लदरौर, पट्टा व तरक्वाड़ी बाजार के व्यापारियों के साथ कस्बों मे लगने वाले जाम व यातायात व्यवस्था को ठीक किए जाने के संदर्भ में बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें व्यापारियों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।