सुजानपुर(हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर की ग्राम पंचायत पटलांदर प्रदेश में राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई है। विस क्षेत्र से भाजपा के सीएम पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल को पराजित करने वाले कांग्रेस के राजेंद्र राणा की पंचायत पटलांदर ही पड़ती है। वहीं दूसरी ओर विस क्षेत्र हमीरपुर से से जीत दर्ज करने वाले भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र ठाकुर की पंचायत भी पटलांदर ही है। लंबे समय से राजनीति पटलांदर पंचायत के इर्द गिर्द घूम रही है।
स्वर्गीय जगदेव चंद जो पूर्व में भाजपा की सरकार में मंत्री भी रहे थे, भी इस पंचायत से संबंध रखते थे और 1977 से 1992 तक वह जीतते रहे। उनकी मृत्यु के बाद उपचुनाव में कांग्रेस के हाथ सीट लगी, लेकिन उस उपचुनाव में हारे भाजपा के उम्मीदवार और जगदेव ठाकुर के बेटे नरेंद्र ठाकुर भी उसी पंचायत से हैं। दो बार भाजपा से जीती उनकी पुत्रवधू उर्मिल ठाकुर भी पटलांदर से ही हैं। इसके बाद राजेंद्र राणा ने सीट से निर्दलीय चुनाव जीता। इसके बाद हुए उपचुनाव में नरेंद्र ठाकुर को विजय मिली। अत: भाजपा, कांग्रेस व निर्दलीय के रूप में पटलांदर पंचायत ने विस क्षेत्र को विधायक दिए हैं।