बड़सर(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के तहत सलौणी से दियोटसिद्ध सड़क पर एक माह पहले की गई टारिंग और पैचवर्क उखड़ गया है। लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदार के माध्यम से टारिंग और पैचवर्क कार्य करवाया है। एक माह के भीतर ही सड़क में जगह जगह गड्ढे पड़ गए हैं। उखड़ी हुई कंकरीट सड़क पर फैल गई है। ग्रामीणों ने मरम्मत कार्य की गुणवत्ता में कोताही बरतने का आरोप लगाते हुए इसकी जांच की मांग की है।
लोक निर्माण विभाग बड़सर ने सलौणी से दियोटसिद्ध सड़क पर लगभग 20 किलोमीटर सड़क पर एक माह पहले टारिंग और पैचवर्क कार्य किया था। इसमें लगभग तीन किलोमीटर में टारिंग कार्य व 17 किलोमीटर सड़क में पैचवर्क कार्य किया गया था। ठेकेदार द्वारा सड़क के मरम्मत कार्य में उचित सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया गया। इस कारण एक माह के भीतर ही सड़क की टारिंग उखड़ना शुरू हो गई। सड़क में बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों संजीव कुमार, ब्रह्म दास, अनीता देवी, लीला देवी, सुमन कुमार, संदीप, टिंकू, कांता देवी, सलोचना देवी, आशा देवी का कहना है कि कार्य में ठेकेदार ने लापरवाही बरती है। उन्होंने टारिंग और पैचवर्क कार्य की गुणवत्ता की जांच करने तथा गड्ढों को जल्द भरने की मांग की है।
उधर, अधिशासी अभियंता संतोष कटोच का कहना है कि टारिंग कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि टारिंग और पैचवर्क की गुणवत्ता के लिए ठेकेदार जिम्मेवार है तथा उसे दोबारा पैचवर्क करना होगा, लेकिन बारिश व ठंड की वजह से पैचवर्क कार्य नहीं हो पाएगा। सर्दी के मौसम के उपरांत पैचवर्क करवा दिया जाएगा।