भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के तहत गांव भदरु के 41 वर्षीय रवि कुमार की सांप के काटने से मौत हो गई। शनिवार रात खाना खाने के बाद वह सोने चला गया। वहीं, रात को सोते समय सांप ने उनकी गर्दन पर डस लिया।
तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें दिम्मी के निजी अस्पताल पहुंचाया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए एम्स बिलासपुर भेजा गया। सुबह लगभग पांच बजे जब एम्स बिलासपुर पहुंचा, तो ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद रवि को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर भोरंज पुलिस टीम ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, एसपी भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि मामले में जांच जारी है। रवि कुमार अविवाहित था और अपनी बहन किरण कुमारी के घर गांव परोल में रहता था। वह दिम्मी के एक निजी अस्पताल में कार्यरत था। संवाद