नादौन (हमीरपुर)। आचार संहिता के दौरान पुलिस ने शराब कारोबारियों पर शिकंजा कसा हुआ है। पिछले कुछ दिन से नादौन पुलिस ने इस संबंध में कड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार रात को थाना प्रभारी बाबूराम शर्मा की अगुवाई में पुलिस टीम ने नादौन हमीरपुर मार्ग पर हरमंदिर गांव में नाके के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर एक परिसर से 480 बोतल देसी शराब बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने हरमिंदर गांव के निकट नाका लगा रखा था। इसी दौरान इस अवैध शराब के बारे में पुलिस को सूचना मिली। टीम ने निकट ही एक परिसर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को 40 पेटी देसी शराब बरामद हुई। पुलिस ने इस संबंध में परिसर के मालिक पर मामला दर्ज किया है। पुलिस थाना प्रभारी बाबूराम शर्मा ने कहा कि आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज करके आगे छानबीन की जा रही है।